नई दिल्ली। भारतीय स्वदेशी कांग्रेस ने राज्य कर्मचारियों का भी डीए बढ़ाए जाने की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता महेन्द्र सिंह ने कहा है कि केंद्रीय कर्मचारियों की तरह ही सभी राज्य सरकारें अपने कर्मचारियों का डीए बढ़ाएं। महेन्द्र सिंह ने केंद्र और राज्य सरकारों से डीए का एरिअर देने की मांग भी की है। दरअसल करीब डेढ़ साल से सरकार ने महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने पर रोक लगा रखी थी।
केंद्र सरकार ने बुधवार 13 जुलाई को कैबिनेट की बैठक में केंद्रीय कर्मचारियो और पेंशनधारियों का डीए 11 फीसदी बढ़ा दिया है। अब यह 17 फीसदी से बढ़कर 28 फीसदी हो जाएगा। केंद्र सरकार का ये फैसला 1 जुलाई 2021 से लागू होगा। लेकिन सरकार ने डेढ़ साल से रुके हुए डीए के एरिअर के बारे में कोई जिक्र नहीं किया है।
मौजूदा बढ़ोत्तरी सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों पर आधारित है। इससे करीब 50 लाख कर्मचारियों और 61 लाख पेंशनधारियों को फायदा मिलेगा। सरकार पर करीब 34,400 करोड़ का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
भारतीय स्वदेशी कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता महेन्द्र सिंह ये भी कहा कि देश में मंहगाई आसमान छू रही है और लोगों का जीना मुहाल हो गया है। करोड़ों लोग बेरोजगार हो गए हैं। काम धंधे ठप हैं। लोगों को परिवार चलाने के लिए लोन और मंगलसूत्र तक बेचने पड़ रहे हैं। ऐसे में सरकार को चाहिए कि वो लोगों की मदद करे। न सिर्फ कर्मचारियों बल्कि सभी नागरिकों के लिए सरकार को अविलम्ब राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।
Leave a Comment
Your email address will not be published. Required fields are marked with *